Thursday, 13 October 2016

आतँकवाद दुश्मन हमारा ,कर दें उसका काम तमाम



दुश्मन के नापाक इरादे, क्रोधित भारत का आवाम 
कफन ओढ़ कर सो रहे कई, बात अब यह हो गई आम
.....
है राजनीति करते अनेक ,सिपाहियों  के बलिदान पर
बहाया है खून वीरों ने ,यह  घर में  करते   आराम
.....
सीमा पर जाबाज़ सिपाही,है लड़ने को सब तैयार
जान की बाजी लगाते वो ,हम सब करें उनको  प्रणाम
....
मानवता का दुश्मन है वह ,मारते वह निर्दोषों को
आतँकवाद  दुश्मन हमारा ,कर दें  उसका  काम तमाम
....
बहुत खेली खून की होली ,अब  पाठ उन्हें भी  पढाना
है साथ दे रहे  जो उनका ,देते अब  उनको  पैगाम

रेखा जोशी

गुजर जाता है दिन तो मगर शाम को सजन

सुबह शाम हम तुमको याद किया करते है
तेरे ही सपनों में हम खोये रहते है
गुजर जाता है दिन तो मगर शाम को सजन
संध्या के बस दो बोल सुहाने लगते है
रेखा जोशी

Wednesday, 12 October 2016

हे राम आओ संहार रावण का करने

सदियों पहले
रावण को मारा राम ने
वह तो जिंदाहो रहा
 बार बार मर के
कभी  पकड़ता निर्भया
कभी गुड़िया
रावण ने डाले 
है जगह जगह पर डेरे
है रूप अनेक
बदल  शोषण  कर रहा
फेंकता तेज़ाब कभी
इज्ज़त  हर रहा
चीख रही सीता
आंसू भर नैनो में 
हे राम आओ 
संहार रावण का करने

रेखा जोशी 

बन आग टूट पड़े करें बरबाद दुश्मन को



अपनी   अपनी  बोल  रहे  होकर  सब   बेहाल
आओ मिलकर हम सभी बदले वतन का हाल
बन   आग  टूट  पड़े  करें  बरबाद  दुश्मन  को
है   काफी   इक   चिंगारी  जलाने  को  मशाल

रेखा जोशी

Tuesday, 11 October 2016

ज्ञान रहता जहाँ पर फूल महकते है वहाँ पर

हे  माँ  सरस्वती  वीणावादिनी हमें  ज्ञान  दो 
हाथ जोड़ शीश नवायें  ज्ञान  का हमें  दान दो 
ज्ञान रहता जहाँ पर फूल महकते है  वहाँ पर
हे  माँ शारदे  आज ज्ञान  का  हमें वरदान दो

रेखा जोशी 

Monday, 10 October 2016

ज्ञान की तू देवी

हे
माता
शारदे
सरस्वती
वीणावादिनी
ज्ञान की तू देवी
नमन   हम  करें
....
माँ
अम्बे
भवानी
जगदम्बे
सिंह सवारी
असुर सँहारे
चुनरी लाल ओढ़े

रेखा जोशी





Sunday, 9 October 2016

अबला से सबला तक

अबला से सबला तक 

हमारे धर्म में नारी का स्थान सर्वोतम रखा गया है। नवरात्रे हो या दुर्गा पूजा ,नारी सशक्तिकरण तो हमारे धर्म का आधार है । अर्द्धनारीश्वर की पूजा का अर्थ यही दर्शाता है कि ईश्वर भी नारी के बिना आधा है ,अधूरा है।  वेदों के अनुसार भी ‘जहाँ नारी की पूजा होती है ‘ वहाँ देवता वास करते है परन्तु इसी धरती पर नारी के सम्मान को ताक पर रख उसे हर पल अपमानित किया जाता है । इस पुरुष प्रधान समाज में भी आज की नारी अपनी एक अलग पहचान बनाने में संघर्षरत है । जहाँ बेबस ,बेचारी अबला नारी आज सबला बन हर क्षेत्र में पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रही है वहीं अपने ही परिवार में उसे आज भी यथा योग्य स्थान नहीं मिल पाया ,कभी माँ बन कभी बेटी तो कभी पत्नी या बहन हर रिश्ते को बखूबी निभाते हुए भी वह आज भी वही बेबस बेचारी अबला नारी ही है । 
शिव और शक्ति के स्वरूप पति पत्नी सृष्टि का सृजन करते है फिर नारी क्यों मजबूर और असहाय हो जाती है और आखों में आंसू लिए निकल पड़ती है अपनी ही कोख में पल रही नन्ही सी जान को मौत देने ।  क्यों नहीं हमारा सिर शर्म से झुक जाता ?कौन दोषी है ,नारी या यह समाज?क्यों कमज़ोर पड़ जाती है नारी,अधूरी है ईश्वर की पूजा अगर यह पाप हम नहीं रोक पाते ।  अधूरा है नारी सशक्तिकरण जब तक भ्रूण हत्यायों का यह सिलसिला हम समाप्त नहीं कर पाते । सही मायने में नारी अबला से सबला तभी बन पाए गी जब वह अपनी जिंदगी के निर्णय स्वयम कर पाये गी। 

रेखा जोशी