Saturday, 27 July 2013

तारों की बरात

तारों की बरात

ऊँचे ऊँचे पेड़ों पर हसीं शब ने ली अंगड़ाई है ,
दिल को थाम लो यारो तारों की बरात आई है |
.........................................................
मस्ती का आलम है दिल में बजती शहनाई है ,
हुस्न तेरा है और प्यार मेरा दुहाई है दुहाई है |
.........................................................
लहरें प्यार भरी जब से इस दिल में लहराई है ,
लहराती हुई इन लहरों में मेरे प्यार की गहराई है
..........................................................
दिल दीवाने मत जाना उधर वह इक परछाई है ,
धोखा और फरेब यहाँ पर हरपल देता रुसवाई है |
............................................................
आंसू मत बहाना तुम पल दो पल की जुदाई है ,
अच्छा तो अब चलते है घड़ी विदा की आई है |

रेखा जोशी 



Thursday, 25 July 2013

मन मंदिर

ढूँढ़ते  प्रभु हम सब  तुझे कहाँ  कहाँ 
बसाया  तुम्हे  अपने   दिल  में यहाँ
मन को ही हमने मंदिर  बना लिया 
आरती   उतारते  सुबह   शाम  वहाँ

रेखा जोशी 


Tuesday, 23 July 2013

चाहत

चाहत
तुम्हारी चाहत लिए  हम पल पल मरते रहे
जीने  की  तमन्ना दिल में लिए तड़पते  रहे
दिन का सुकून और रातों  की नींदे  उड़ गई
अनजान बने  तुम्ही इस दिल में धड़कते रहे

मुक्तक

कभी रूकती नही बस चलती ही जाती है जिंदगी
घूमे सदा वक्त का पहिया चाहे बेबस हो जिंदगी
तलाश  सबको यहाँ बस खुशियों ही खुशियों की
सुख  हो याँ दुःख सब पीछे छोड़ जाती है जिंदगी

रेखा जोशी 

और चाँद छुप गया [बाल कथा ]

और चाँद छुप गया [बाल कथा ]


आज चाँद बहुत खूबसूरत  दिखाई दे रहा था ,उसे देखते ही पिंकी उछलने लगी और राजू को आवाज़ दे कर बुलाने लगी ,''देखो भैया आसमान में चाँद कितना बड़ा और सुंदर दिखाई दे रहा है l ''अपनी छोटी बहन की आवाज़ सुन राजू भी चाँद को देखने लगा ,''अरे मेरी प्यारी बहना ,आज पूर्णिमा है और चन्द्र  ग्रहण भी है ,बस अभी कुछ देर में चाँद पर हमारी धरती की छाया पड़ने वाली है l''पिंकी ने हैरानी से राजू की तरफ देखते हुए पूछा ,''यह चन्द्र ग्रहण क्या होता है भैया ,बताओ न ?''देखो पिंकी तुम आसमान को देखती रहो , बस अभी कुछ समय बाद   हमारी धरती सूरज के गिर्द घूमते घूमते सूरज और चाँद के बीच एक सीधी रेखा में आ जाए गी और तब सूरज की रौशनी धरती के एक हिस्से पर पड़ेगी उसकी परछाई धीरे धीरे पूरे चाँद को ढक लेगी और उसे पूर्ण ग्रहण लग जायेगा ,वैसे अगर धरती की छाया पूरे चाँद को न ढककर उसके कुछ हिस्से को ढके तो उसे खंड चन्द्र ग्रहण कहते है ,लेकिन आज तो धरती की छाया  पूरे चाँद पर पड़ने वाली है l'' ''हाँ भैया देखो चाँद पर धरती की गोलाकार छाया पड़ने लगी है ''पिंकी जोर से चिल्लाई,क्या भैया यह छाया पूरे चाँद को छुपा देगी और फिर पूरा अँधेरा हो जाएगा ,''हाँ मेरी बहना तुम देखती रहो अब चाँद धीरे धीरे धरती की परछाई के कारण छुप रहा है ''पिंकी बहुत घबरा कर बोली ''भैया क्या चाँद छिपने के बाद फिर कभी भी दिखाई नही देगा ?'' ''नही नही पिंकी डरने की कोई बात नही ,बस जैसे ही  धरती और चाँद घूमते हुए एक सीधी  रेखा से हट कर अपना स्थान बदल लेंगे चाँद हमे फिर से दिखाई देने लगेगा l''आसमान की ओर हैरानी से देखते हुए पिंकी और राजू दोनों के सामने ही चाँद धरती की परछाई में छुप गया l

तुम्हारा चेहरा

तुम्हारा चेहरा

देखा आईना
चेहरा तुम्हारा था
भोली सूरत
....................
न पहचाना
अनजान था वोह
वह अक्स था
.................
था बुत इक
दर्पण में झाँकता
परेशान था
...................
वोह खोया था
अपनी ही धुन में
किसे ढूँढ़ता
.................
साफ़ दिखती
चेहरे की रेखाएं
चिन्तित मुख

रेखा जोशी


Sunday, 21 July 2013

पापा टेक केयर

रेलगाड़ी में बैठते ही गरिमा ने चैन की सांस ली ,बस अब चंद घंटों में ही वह अपने माँ के घर होगी ,शादी के बाद वह अपनी ही घर गृहस्थी में खो कर रह गई थी,लेकिन वह अपने बूढ़े माँ बाप को याद कर हमेशा परेशान सी रहती थी ,चाह कर भी उनके लिए कुछ नही कर पाती थी |रेलगाड़ी की गति के साथ साथ गरिमा के मानस पटल पर बचपन की यादें उभरने लगी |”बचपन के दिन भी क्या दिन थे ,जिंदगी का सबसे अच्छा वक्त,माँ बाप का प्यार और उनका वो लाड-दुलार ,हमारी छोटी बड़ी सभी इच्छाएँ वह चुटकियों में पूरी करने के लिए सदा तत्पर ,अपनी सारी खुशियाँ अपने बच्चों की एक मुस्कान पर निछावर कर देने वालों का ऋण क्या हम कभी उतार सकते है ?हमारी ऊँगली पकड़ कर जिन्होंने हमे चलना सिखाया ,इस समाज में हमारी एक पहचान बनाई ,आज हम जो कुछ भी है ,सब उनकी कड़ी तपस्या और सही मार्गदर्शन के कारण ही है ”गरीमा अपने सुहाने बचपन की यादो में खो सी गई ,”कितने प्यारे दिन थे वो ,जब हम सब भाई बहन सारा दिन घर में उधम मचाये घूमते रहते थे ,कभी किसी से लड़ाई झगड़ा तो कभी किसी की शिकायत करना ,इधर इक दूजे से दिल कीबाते करना तो उधर मिल कर खेलना ,घर तो मानो जैसे एक छोटा सा क्लब हो ,और हम सब की खुशियों का ध्यान रखते हुए हमारे माँ बाप ,जिसका जो खाने दिल करता माँ बड़े चाव और प्यार से उसे बनाती और हम सब मिल कर पार्टी मनाते” |

जिंदगी कितनी खूबसूरत है ,इसका अहसास हम तभी कर पाते है ,जब हम इसे जीना चाहते है , जब तक हम अपनी जिंदगी के एक एक पल का आनंद उठाते हुए उसका उपभोग करते रहते है तब तक यह जिंदगी हमे फूलों की सेज सी लगती है ,लेकिन जब जिंदगी एक बोझ सी लगने लगती है तब एक एक पल काटना भारी हो जाता है ,हमारे देश में ऐसे कई घर है जहां जिंदगी की गति बहुत धीमी हो गई है ,समय तो जैसे रुक रुक के रेंग रहा हो ,जहां कभी जिंदगी खिलखिलाती थी वहां एक सन्नाटा सा छाया रहने लगा है |उन घरों में हमारे असहाय बुज़ुर्ग लाचारी भरी जिंदगी जीने पर मजबूर है ,बुढ़ापा तो अपने आप में एक बीमारी है ,धीरे धीरे क्षीण होती यह काया जिसे ढेरों दवाईयों से संभालने की कोशिश ,तन से इतने मजबूर कि रोजमर्रा के काम करने में भी असमर्थ , जहाँ एक एक दिन काटना भी मुश्किल हो वहां कैसे कटे गी उनकी बाकी जिंदगी ?ऐसे ही एक बुज़ुर्ग दम्पति से गरिमा हाल ही में मिली ,बेटा बाहर विदेश में और बेटियां अपने अपने ससुराल में ,अपनी जिंदगी के इस आखिरी पड़ाव में भावनात्मक रूप से आहत ,असुरक्षित बुजुर्गों के प्रति उनके बच्चे क्यों उनका सहारा नही बन पाते ,उनका बेटा अमरीका से आ कर कुछ दिन उनके पास रह कर वापिस चला गया ,जाते जाते प्यार के दो बोल , ”पापा टेक केयर ”बोल कर चला गया |उसके पापा सोचते ही रह गए ,”कौन है यहाँ  जो उनकी केयर करे गा ”?


कई बुज़ुर्ग जो संयुक्त परिवारों में रहते है ,अपने बच्चों द्वारा दी गई एक उपेक्षित जिंदगी जीने के लिए मजबूर है ,आये दिन हम समाचार पत्रों में ऐसी अनेकों खबरें पढ़ते रहते है , कही तो एक बेटे ने अपनी माँ को तबेले में रखा और कही पर बेटे ने अपने बूढ़े माँ बाप को घर से निकाल दिया | क्या गुजरी होगी उस माँ के दिल पर ,उसका अपना बेटा ,उसका अपना खून, इतना संवेदनशून्य ,माँ को पशुओं के साथ .यह सोच कर भी रूह कांप जाती है |कितनी ठेस पहुँचती होगी उन माँ बाप के दिल पर जब उनके अपने बच्चे उनकी भावनायों का गला घोंट कर उन्हें पीड़ा देतें है ,कैसे उस बेटे के मुहं में रोटी का ग्रास जाता होगा जबकि उसके द्वारा घर से निकाले गए उसके माँ बाप ,भूखे प्यासे बैठेखून के आंसू पी रहें हो | कुछ अच्छे ओल्ड एज होम्स इनका आश्रय स्थल बन सकते है ,लेकिन क्या वहां उनके अपनों द्वारा घायल हुए मन को शांति मिल पाए गी ?विचारों की उथल पुथल में डूबी गरिमा गाड़ी से उतर कर ,अपनी माँ के पास पहुच गई |उसने फैसला कर लिया ,अब वह अपने माँ बाप को अकेला नही छोड़े गी ,हर हाल में उन्हें अपने साथ ले कर जाए गी |