Friday, 19 July 2013

मुक्तक

आकाश  पर  असंख्य  सूर्य चाँद  तारे सब  विचर रहें है 
अनगिनत  पिंड  भी आकाशगंगा  संग भ्रमर कर रहें है 
अस्तित्व  मानव का  शून्य है यहॉं  विस्तृत बह्मांड में 
शीश झुकाएं अपना नमन उस परम पिता को कर रहें है 

रेखा जोशी 




Monday, 15 July 2013

सौन्दर्य

सौन्दर्य [गीत ]


`बोल उठा है कवि तब ,
असत्य है यह असत्य है ,
ज्ञान और विज्ञानं है भ्रम ,
सौन्दर्य केवल सत्य है ।
......................................
वह पुरुष रच कर प्रकृति को,
था स्वयं इस में खो गया ,
खोजता है फिर स्वयं को ,
क्या आज उसको हो गया ?
......................................
खोज है यह व्यर्थ सी ही ,
है व्यर्थ ही यह भटकना ,
लघु स्वप्न सी यह जिंदगी ,
है व्यर्थ इतना सोचना ।
........................................
सौन्दर्यरस पान ही तो ,
लक्ष्य है इस जिंदगी का ,
सौन्दर्य ही आनंद है ,
सपन है हर किसी का ।
.......................................
जो  मिले  आनंद ले ले ,
गम  बहुत  है जिंदगी में
मत व्यर्थ कर तू इन क्षणों को ,
बहुत कम है क्षण ख़ुशी के ।
.........................................
सौन्दर्य ही इक सत्य है ,
और है शिव भी यही तो ,
सौन्दर्य में मन को समा तू ,
मन में समा आनंद को ।

 प्रो महेन्द्र जोशी


Friday, 12 July 2013

इंतज़ार

या खुदा मेरी उल्फत को जिंदगी दे दे 
गम जुदाई काअब और सहा नही जाता |
तडप तडप के गुजारी है हर घड़ी हर पल ,
मेरी वफा का दिया जल जल के बुझा जाता है |
इंतजार और अभी,और अभी और अभी ,
पैमाना-ए सब्र अब लब से छुटा जाता है |
रात में यह दिल तन्हां डूब जाता है ,
मायूसियों के आलम में दम घुटा जाताहै 

Wednesday, 10 July 2013

नभ पर बदरा

सावन आया
नभ पर बदरा
उमंग लाया
.................
चुनरी भीगी
झूले पर सखियाँ
हवाएँ ठंडी
.................
घटाएँ काली
पानी बरसा जाती
बरखा रानी
.................
मयूर नाचे
छा गई हरियाली
पपीहा बोले
..................
जलता दिल
घनघोर घटाएँ
पिया मिलन
...................



Tuesday, 9 July 2013

गुज़रा हुआ वक्त


वक्त जो गुज़र जाता है 
छोड़ जाता पीछे कई यादें 
कुछ खट्टी तो कुछ मीठी 
भर आती है आंखे कभी 
याँ लब पे मुस्कान कभी 
पर गुज़रा हुआ वो वक्त 
नीव बन संवारता है जो 
आने वाले जीवन के पल 
भरता है ज़िन्दगी में रंग 
देकर जाता नई सीख हमे 
भुला कर दर्द जो है छिपे 
अतीत के आंचल के तले 
चलती रहे यूँ ही ज़िन्दगी 
होंठों पर  मुस्कान लिये 

Monday, 8 July 2013

मन में है विश्वास

मन में है विश्वास

चला जा रहा हूँ इस निर्जन पथ पर 
कभी तो मिलेगी  चलते हुए मंजिल 
कहीं तो  जाएगी ये राह जिंदगी की 
यही सोच उस ओर पग बढ़ा रहा हूँ 
........................................................
अनगिनत कांटे मिले राहों में मुझे 
भयानक नजारों ने भी डराया मुझे 
पर था मन में अटूट विश्वास  कहीं 
यही सोच उस ओर पग बढ़ा रहा हूँ 

Sunday, 7 July 2013

बोझिल न बन जाए प्यार भरी नोक झोक

बोझिल न बन जाए प्यार भरी नोक झोंक

रितु और नीलांश का अभी हाल ही में विवाह हुआ है और वह भी प्रेम विवाह लेकिन माता पिता की मर्ज़ी से ,जहाँ प्यार होता है वहां एक दूसरे से गिले ,शिकवे और शिकायत तो होती ही रहती  है ,आजकल यही कुछ उन दोनों के साथ भी हो रहा है  ,हर सुबह शुरू होती है प्यार की मीठी तकरार से और हर  रात गुजरती है ढेरों गिले, शिकवे और शिकायते लिए हुए ,यही अदायें तो जिंदगी को रंगीन बनाती है पहले रूठना और फिर मनाना ,मान कर फिर रूठ जाना |यह रूठने और मनाने का सिलसिला  जब तक यूं ही चलता रहे तो समझ लो उनकी शादी को ईश्वर का वरदान मिला हुआ है ,ऐसे झगड़े हमेशा उनकी शादी की ताजगी बनाये रखते  है|वैसे तो हमारे शास्त्रों में  लिखा हुआ है कि शादी के बाद पति और पत्नी का मिलन ऐसे होना चाहिए जैसे दो जगह का पानी मिल कर एक हो जाता है फिर उस पानी को पहले जैसे अलग नही किया जा सकता ,लेकिन ऐसा होना बहुत ही मुश्किल है क्योंकि दो व्यक्ति  अलग अलग विचारधारा लिए अलग अलग परिवेश में बड़े  हुए जब एक दूसरे के साथ रहने लगते है तो यह सम्भाविक है कि उन दोनों की सोच भी एक दूसरे से भिन्न ही होगी ,उनका खान पान ,रहन सहन, बातचीत करने का ढंग ,कई ऐसी बाते है जो उनके अलग अलग व्यक्तित्व को दर्शाती है |

पति पत्नी के इस खूबसूरत रिश्ते में और भी निखार लाता है उनकी एक दूसरे के प्रति नाराज़गी का होना और फिर उसकी वह नारजगी को दूर कर एक दूसरे के और करीब आना |रितु को अगर घर का खाना पसंद आता है तो नीलांश को बाहर खाना अच्छा लगता है ,रितु को यदि घर सजाना अच्छा लगता है तो नीलांश को घर फैलाना  ,बस इन छोटी छोटी बातों से वह दोनों एक दूसरे पर खीजते रहते है और शिकवे शिकायतों का यह सिलसिला यूँ ही चलता रहता है  ,कभी रितु नाराज़ ,तो कभी नीलांश लेकिन वह ऐसी नोक झोंक का भी लुत्फ़ लेते हुए आनंदित रहते है ,वह इसलिए कि उनका प्रेम एक दूसरे के प्रति विशवास और मित्रता पर आधारित है,वह दोनों आपस में खुल कर एक दूसरे से अपने विचार अभिव्यक्त करते है |

 जब वैवाहिक जिंदगी में एक दूसरे के प्रति अविश्वास पनपने लगे यां पुरुष प्रधान समाज में पति का अहम आड़े आने लगे तो ऐसे में असली मुद्दा तो बहुत पीछे छूट कर रह जाता है और शुरू हो जाता है उनके बीच न खत्म होने वाली शिकायतों का दौर ,पति पत्नी दोनों को एक दूसरे की  हर छोटी बड़ी बात चुभने लगती है ,इसके चलते  उन दोनों का बेचारा कोमल दिल शिकवे शिकायतों के बोझ तले दब कर रह जाता है और बढ़ा देता है उनके बीच न खत्म होने वाली दूरियाँ ,जो उन्हें मजबूर कर देती  है कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने पर और खत्म होती है उनके वैवाहिक जीवन की कहानी तलाक पर जा कर ,अगर किसी कारणवश वह तलाक नही भी लेते और सारी जिंदगी उस बोझिल शादी से समझौता कर उसे बचाने में ही निकाल देतें है ,पति पत्नी का आपस में सामंजस्य दुनिया के हर रिश्ते से प्यारा हो सकता है ,अगर पति पत्नी दोनों इस समस्या को परिपक्व ढंग से अपने दिल की भावनाओं को एक दूसरे से  बातचीत कर सुलझाने की कोशिश करें तो इसमें कोई दो राय नही होगी कि उनके बीच हो रहे  शिकवे और शिकायतों का सिलसिला  उन्हें भी रितु और नीलांश की तरह आनंद प्रदान करेगा और एक दिन वह अपनी शादी की सिल्वर जुबली याँ गोल्डन जुबली अवश्य मनाएं गे |